अंग्रेजी दैनिक द पायनियर का प्रकाशन जल्द ही छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से होने जा रहा है. अखबार के आरएनआई नम्बर के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है. इस अखबार की फ्रेंचायजी रायपुर के जाने माने मीडिया पर्सन विजय बुधिया ने ली है. श्री बुधिया रायपुर से कुछ समय पहले तक प्रकाशित होने वाले जनसत्ता से भी जुड़े हुए थे. इस अखबार को काव्या प्रकाशन से प्रिंट कराया जाएगा. संभवत: अखबार अप्रैल के अंतिम सप्ताह या मई के पहले सप्ताह तक लांच कर दिया जाएगा.
द पायनियर का संपादक सुजीत कुमार को बनाया गया है. सुजीत पिछले डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे रायपुर में आईएएनएस न्यूज एजेंसी के स्पेशल करेस्पांडेंट तथा राइटर के करेस्पांडेंट के रूप में जुड़े हुए हैं. इसके अलावा भी वे कई संस्थानों को अपनी सेवाएं दे चुके हैं. प्रबंधन ने इन्हें अपनी टीम तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी है. समझा जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में अखबार के लिए भर्तियां शुरू कर दी जाएंगी.






