हिंदी अखबारों की तर्ज पर भाषाई अखबार भी अब सेमी रीजनल होने की होड़ में लगे हुए हैं. दूसरे श्रेणी की शहरों में तमाम अखबारों के बीच जबर्दस्त होड़ देखने को मिल रही है. अंग्रेजी अखबारों के प्रबंधन दक्षिण भारत के कई शहरों में भाषायी अखबारों को लांच करने की तैयारियों में जुटे हुए हैं. जल्द ही दक्षिण के कई राज्यों में भाषाई अखबारों में प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलेगी. अंग्रेजी दैनिक 'द हिंदू' प्रकाशित करने वाली कंपनी कस्तूरी एंड संस अपने समूह के विस्तार की योजना बना रहा है.
द हिंदू अंग्रेजी के अलावा अब तमिल में भी दैनिक अखबार निकालने की तैयारी कर रही है. कंपनी इसके अलावा एक अंग्रेजी टैबलाइड को भी लांच करने वाली है. संभावना है कि इस साल जून तक वह तमिल अखबार की शुरुआत कर दे. कंपनी ने इसके लिए मार्केट सर्वे भी करा लिया है. कस्तूरी एंड संस अपने तमिल दैनिक का सर्कुलेशन दो साल में 6 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है. 16 पेज के इस अखबार के साथ चार पेज का सप्लीमेंट पाठकों को दिया जाएगा.
टाइम्स ऑफ इंडिया का प्रकाशन करने वाली बेनेट कोलमेन एंड कंपनी (बीसीसीएल) के पहले अपने तमिल अखबार को लांच करने की योजना बना रही है, क्योंकि बेनेट कोलमेन भी रीजनल मार्केट की तरफ ध्यान देते हुए तमिल अखबार लांच करने की योजना पर काम कर रही है. टाइम्स समूह ने पिछले साल रीजनल समाचार के क्षेत्र में प्रवेश किया था, जब समूह ने पश्चिम बंगाल में बंगाली दैनिक आई समय को लॉन्च किया था. इसके जवाब में आंनद बाजार पत्रिका समूह ने ई बेला लांच किया था.
टाइम्स ऑफ इंडिया समूह के द्वारा तमिलनाडु में प्रस्तावित प्रवेश के बाद वहां प्रिंट के क्षेत्र में एक नई जंग की शुरुआत होगी. यहां पहले से ही दीना थांथी, दिनाकरन और दिनामलार जैसे समाचार पत्र अच्छे सर्कुलेशन के साथ मौजूद हैं. मार्केट पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का कहना है कि तमिल मार्केट में तेजी से विस्तार हो रहा है और इसे देखते हुए पहले से मौजूद समाचार पत्रों और लांच होने की तैयारी में जुटे अखबारों में जमकर मुकाबला होगा. इस स्थिति में जो दैनिक बढि़या कंटेंट प्रस्तुत करेगा पाठक उसे हाथों हाथ लेगा.
बीसीसीएल पहले ही हिंदी में नवभारत टाइम्स, मराठी में महाराष्ट्र टाइम्स, कन्नड में विजय कर्नाटक तथा बंगाली में आई समय न्यूज पेपर प्रकाशित कर रही है. अब ये तमिल में भी अपना अखबार लाने की तैयारी में जुटी हुई है. दूसरी तरफ हिंदू समूह के अंग्रेजी टैबलाइड की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है. यह अपने शुरुआती दौर में चेन्नई तथा बंगलूरु से प्रकाशित होगा. अगर यह प्रयोग सफल रहा तो इसका एक्टेंशन अन्य यूनिटों से भी किया जाएगा. इसका कांसेप्ट हाइपर लोकल तय किया गया है. इसमें बिल्कुल स्थानीय खबरों को प्रमुखता दी जाएगी ताकि इसे लोगों की जरूरत बनाया जा सके.






