जयपुर। बॉलीवुड अभिनेता ओमपुरी एक नए विवाद में फंस गए हैं। इस बार उन्होंने पत्रकारों के खिलाफ अपमानजनक शब्द का प्रयोग किया है। इस पर विरोध जताते हुए जयपुर के प्रेस क्लब ने उसने माफी मांगने की मांग की है। मंगलवार को जयपुर में ओमपुरी अगस्त में हुए अन्ना आंदोलन के बारे में बात कर रहे थे। उस आंदोलन में वह भी भाग लेने पहुंचे थे। बताया कि उसी दौरान उन्होंने एक पत्रकार से अन्ना व उनके आंदोलन पर बातचीत की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकार ने उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। यह कहते हुए उन्होंने पत्रकारों के लिए अपमानजनक शब्द का प्रयोग किया। मामला प्रकाश में आते ही स्थानीय प्रेस क्लब ने ओमपुरी से माफी मांगने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि वह ऐसा नहीं करते हैं तो उनके कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा। मालूम हो कि ओमपुरी अन्ना आंदोलन के दौरान भी अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आए थे। तब उन्होंने देश के सांसदों के खिलाफ असंसदीय भाषा का प्रयोग किया था। बाद में उन्हें माफी मांगनी पड़ी थी। साभार : जागरण





