वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय पहले ब्लॉग पूरब बानी और अब फेसबुक के माध्यम से अपनी बात को वैश्विक मंच पर साझा कर रहा है। विश्वविद्यालय ने चर्चित सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेस बुक पर अपना अधिकारिक पेज बनाया है।
इस पर कुलपति प्रो सुंदर लाल का सन्देश पोस्ट है जिसमें लिखा है कि आज फेसबुक जैसी सोशल नेटवर्किंग वेबसाईट ने समाज में सूचना के आदान प्रदान में एक नई क्रांति ला दी है। विश्वविद्यालय की तरफ बनाया गया यह पेज निश्चित रूप से शिक्षकों, विद्यार्थिओं, पुरातन छात्रों एवं भावी विद्यार्थिओं के लिए जुड़ाव का एक नया मंच साबित होगा। इस पेज को अप डेट करने की जिम्मेदारी जनसंचार विभाग के प्राध्यापक डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर को दी गई है।
मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज मिश्र ने बताया कि फेस बुक के माध्यम से विश्वविद्यालय की नियमित गतिविधियों के अलावा छात्र छात्राओं के लिए रोजगार के नए अवसरों, शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नए अनुसंधानों, व्यक्तिव एवं कौशल विकास आदि से सम्बंधित सामग्रियों को प्रसारित किया जायेगा। साथ ही साथ भविष्य में इस पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों से सम्बंधित ज्ञान एवं टिप्स भी दिए जाएँगे।
उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले कुलपति प्रो सुंदर लाल ने विश्वविद्यालय का पूरबबानी ब्लॉग बनवाया था। देश के कुछ गिने चुने विश्वविद्यालयों का ही अपना ब्लॉग है। दो वर्ष के दौरान एक दर्जन से अधिक देशों में ब्लॉग पढ़ा जा रहा है। ब्लॉग की पाठक संख्या 32 हजार से अधिक हो गई है। भारत के साथ ही संयुक्त राष्ट्र अमेरिका में इसके पाठक है। जनसंचार विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियो के सहयोग से ब्लॉग निरंतर अपडेट किया जा रहा है। ब्लॉग पर अब तक १०० पोस्ट प्रकाशित हुई हैं।






