अमर उजाला, मेरठ में कार्यरत सीनियर रिपोर्टर विनीत पारीख की बुधवार को ट्रेन से कटकर मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब विनीत सुबह उठकर टहलने निकले थे. घटना मेरठ के मेवाना रेलवे फाटक के पास हुई. विनीत अमर उजाला के तेजतर्रार पत्रकार थे तथा उन्होंने कई स्टोरियां ब्रेक की थीं. मूल रूप से राजस्थान के सीकर के रहने वाले विनीत के माता-पिता गाजियाबाद में ही रहते थे. विनीत के मौत की सूचना सुनते ही उनके तमाम शुभचिंतक घटना स्थल की तरफ रवाना हो गए. तमाम लोगों की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
विनीत का अंतिम संस्कार सीकर में ही किया जाएगा. विनीत के असमय मौत से अमर उजाला यूनिट में भी शोक का माहौल है. हालांकि कुछ लोग इस घटना को आत्महत्या से भी जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ पाएगी. अमर उजाला के संपादक राजीव सिंह ने भी इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि विनीत एक अच्छा पत्रकार था. उसने कई अच्छी खबरें ब्रेक की थीं. उसके असामयिक निधन से संस्थान को भी क्षति पहुंची है.






