अमर उजाला, गोरखपुर में जबर्दस्त उथल-पुथल मचा हुआ है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि यहां के माहौल से परेशान होकर चीफ रिपोर्टर अजय चतुर्वेदी और चीफ सब एडिटर राजीव सक्सेना ने पिछले दिनों अपना तबादला गोरखपुर से अन्यत्र कर दिए जाने की गुहार प्रबंधन से लगाई थी. बताया जा रहा है कि इन दोनों लोगों को नोएडा तलब करने के बाद कारण पूछा गया तथा समझाया-बुझाया गया. इन लोगों को कुछ दिन रुकने को कहा गया है.
बताया जा रहा है कि जूनियरों को सीनियरों के ऊपर बैठा दिए जाने के चलते यहां के हालात खराब हो गए हैं. जिसकी वजह से लोग संस्थान से इस्तीफा देकर जा रहे हैं. सिद्धार्थनगर के प्रभारी राघवेंद्र शुक्ला ने भी अपनी बात नहीं सुने जाने पर इस्तीफा दे दिया था. खबर है कि बस्ती से वीरेंद्र पांडेय ने भी इस्तीफा दे दिया है. वहीं चौरी चौरा के ब्यूरोचीफ अजय जायसवाल को टर्मिनेट कर दिया गया है. इन कार्रवाईयों के चलते तमाम जिलों में असंतोष व्याप्त है.
इधर खबर है कि देवरिया के ब्यूरोचीफ अजय मल्ल को गोरखपुर बुला लिया गया है. उनकी जगह अभी किसी को भेजा नहीं गया है. गोरखपुर में स्ट्रिंगर के पद पर कार्यरत रवीश श्रीवास्तव को प्रमोट करके जूनियर सब एडिटर बना दिया गया है. माना जा रहा है कि अभी कुछ और बदलाव जल्द ही किए जाएंगे.





