मध्यप्रदेश के युवा पत्रकार अमिताभ क. बुधौलिया (फरोग) दैनिक भास्कर डॉट काम जुड़ गए हैं. उन्हें भोपाल लोकल वेबसाइट का प्रभारी बनाया गया है. उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर ने हाईपर सिटी कान्सेप्ट के साथ देशभर के प्रमुख शहरों चंडीगढ़, जयपुर, इंदौर, रायपुर, अहमदाबाद आदि में स्थानीय खबरों को प्रमुखता देने के मकसद से लोकल वेब सेक्शन शुरू किया है, जिसे भास्कर की प्रमुख साइट से लिंकअप किया गया है.
अमिताभ इससे पहले साप्ताहिक एलएन स्टार में समाचार संपादक थे. अमिताभ प्रदेश के ऐसे युवा पत्रकार हैं, जिन्हें अखबार लांचिंग का खासा अनुभव है. वे राज एक्सप्रेस, पीपुल्स समाचार और फिर एलएन स्टार की लांचिंग टीम का प्रमुख हिस्सा थे. अमिताभ अपनी लेखनी के कारण भी खासे चर्चित हैं. अगले महीने रिलीज होने जा रही दो हिंदी फिल्मों ‘ये रात फिर न आएगी’ और ‘पलक’ में उनके शीर्षक गीत आ रहे हैं. उन्होंने प्रोड्यूसर और डायरेक्टर विनोद तिवारी के लिए हाल में एक बुंदेली फिल्म ‘हमाई लाडली’ के संवाद लिखे हैं. इसके अलावा अमिताभ तीन और हिंदी फिल्मों के लेखन में जुटे हुए हैं. इनका एक व्यंग्य संग्रह ‘फोकट की वाहवाही’ प्रकाशन को तैयार है. इसकी प्रस्तावना वेलडन अब्बा, वेलकम टू सज्जनपुर और वबंडर जैसी सार्थक फिल्मों के लेखक अशोक मिश्रा लिख रहे हैं.
डीबी स्टार, ग्वालियर से खबर है कि आकाश सक्सेना ने इस्तीफा दे दिया है. आकाश रिपोर्टर के रूप में अखबार को अपनी सेवाएं दे रहे थे. आकाश ने अपनी नई पारी ग्वालियर में ही पत्रिका के साथ शुरू की है. उन्हें यहां भी रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. आकाश इसके पहले भी कई संस्थानों को अपनी सेवाएं दे चुके हैं.






