इटानगर : अरुणाचल प्रदेश के सभी मीडिया घरानों ने मीडियाकर्मियों और स्टूडेंट्स यूनियन मूवमेंट ऑफ अरुणाचल (एसयूएमए) के बीच संघर्ष की आशंका को देखते हुए शुक्रवार को अनिश्चितकाल के लिए अपना प्रकाशन बंद कर दिया। छात्र संगठन ने राज्य के सबसे बड़े अंग्रेजी दैनिक 'अरुणाचल टाइम्स' के कार्यालय के बाहर धरना देने की योजना बनाई थी जिसके लिए कैपिटल कॉम्प्लेक्स के उपायुक्त मिगे काम्की ने उन्हें मंजूरी दे दी जिससे राज्य का मीडिया समुदाय नाराज है।
मीडिया संगठनों के साथ तथ्यों की पुष्टि किए बगैर छात्र संगठन को धरना आयोजित करने की मंजूरी देने के लिए अरुणाचल प्रेस क्लब (एपीसी) और अरुणाचल प्रदेश यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एपीयूडब्ल्यूजे) ने मुख्यमंत्री कार्यालय जाकर संयुक्त रूप से काम्की को निलंबित करने की मांग की। संगठनों ने कहा कि उपायुक्त की कार्रवाई से निश्चित रूप से मीडियाकर्मियों और उन एसयूएमए सदस्यों के बीच संघर्ष की स्थिति पैदा होगी, जो मीडियाकर्मियों को अपने सामने झुकने के लिए धमका रहे हैं।






