ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में एक अखबार की महिला रिपोर्टर को अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी है और वो अस्पताल में भर्ती है. अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकती है. ईटानगर में 'द अरुणाचल टाइम्स' की पत्रकार पर जानलेवा हमला हुआ है. ये सनसनीखेज वारदात रविवार शाम करीब 6:15 बजे की है. अखबार की एसोसिएट एडिटर टंगम रीना अपने दफ्तर में दाखिल हो रही थीं कि तभी एक अज्ञात हमलावर ने उन्हें पीछे से गोली मार दी. उन्हें फौरन ईटानगर के रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया. हमलावर इसके बाद फरार होने में कामयाब रहा.
अरुणाचल प्रदेश के एक बड़े और नामी अखबार की पत्रकार पर हमले की इस खबर ने हर किसी को सन्न कर दिया. खबर मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री नबाम तुकी अपनी कैबिनेट के कुछ मंत्रियों के साथ पत्रकार की हालत जानने अस्पताल पहुंच गए. उन्होने मीडिया से ज्यादा बात तो नहीं की लेकिन ये जरूर कहा कि हमलावर जल्द ही गिरफ्त में होंगे. इस बीच, अरुणाचल पश्चिम से कांग्रेस सांसद तकम संजॉय ने भी मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर इस घटना की कड़ी निंदा की है.
बताया जा रहा है कि 'द अरुणाचल टाइम्स' की पत्रकार टंगम रीना को पिछले कुछ दिनों से लगातार धमकियां मिल रही थीं. गौरतलब है कि इस घटना से करीब तीन महीने पहले अखबार के दफ्तर में कुछ अज्ञात लोगों ने जमकर तोड़फोड़ भी की थी. ईटानगर में पत्रकार पर हमले की घटना पहले भी सामने आ चुकी है. लिहाजा सवाल अब यहां की पुलिस के कामकाज को लेकर भी उठ रहे हैं.
पुलिस हमलावरों तक जल्द पहुंचने का दावा कर रही है, लेकिन अरुणाचल प्रदेश के पत्रकार न सिर्फ हमलावरों को सलाखों के पीछे पहुंचाने की, बल्कि पत्रकारों को पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग भी कर रहे हैं. अरुणाचल प्रदेश के तमाम बड़े संगठन इस हमले को लेकर कड़ा विरोध जता रहे हैं. प्रदेश के सभी पत्रकारों ने अपनी अगली रणनीति के लिए आज इकट्ठे होने का ऐलान भी किया है. (एबीपी न्यूज)






