लखनऊ: राजधानी पत्रकारों पर चढ़ा आशिक-मिजाजी का नशा आखिरकार काफूर हो गया है। लखनऊ पुलिस ने अर्चना यादव नामक पत्रकार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। हुसैनगंज थाना कोतवाली में अभी-अभी दर्ज कराये गये इस मुकदमे में अर्चना ने छत्तीसगढ़ के रायपुर से प्रकाशित देशबंधु के पत्रकार अनिल त्रिपाठी और नार्थईस्ट स्टेट्समैन के विशेष संवाददाता सतीश प्रधान पर छेड़खानी, अश्लील गतिविधियों में लिप्त रहने और जान से मार देने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने अपराध संख्या 163-12 पर धारा 323, 354 और 506 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। खबर है कि पुलिस ने इस मामले में शामिल आरोपी पत्रकारों की धर-पकड़ के लिए चार टीमें लगायी हैं।





