अर्थकाम धीरे-धीरे वित्तीय मामलों से जुड़ी इकलौती ऐसी वेबसाइट बनती जा रही है जो न केवल गूढ़ आर्थिक व वित्तीय मसलों की गुत्थी सुलझाकर पेश करती है बल्कि शेयरों में निवेश की सिफारिशों में भी उसकी साख बढ़ती जा रही है। पुरानी बात छोड़ दें तो उसने करीब दो हफ्ते पहले ही लिखा था (जिसे हमने भड़ास पर दूसरे संदर्भों के साथ लगाया भी था) कि जागरण प्रकाशन का शेयर 10-15 दिन में 10 फीसदी बढ़ जाएगा। और, सचमुच इस शेयर ने 15 दिन पूरा होने से पहले ही 7 फरवरी तक करीब 14 फीसदी बढ़त हासिल कर ली। आज भी इस शेयर में रुझान बढ़ने का दिख रहा है।
अर्थकाम ने आज शेयर बाजार खुलने से पहले अपनी इस उपलब्धि पर लिखा है, “15 दिन में बंद भाव से बंद भाव तक का रिटर्न 14 फीसदी। अर्जुन की तरह तीर ठीक निशाने पर मारनेवाला आखिर कौन-सा धनुर्धर है जो इतने ऐलानिया तौर पर आपको मुफ्त में धन बनाने के सूत्र दे रहा है?” आगे उसने कहा है कि भविष्य में वह इस तरह पक्के रिटर्न की सिफारिशों की सेवा को पेड-सर्विस बना सकता है।
गौरतलब कि अर्थकाम को वरिष्ठ पत्रकार अनिल रघुराज मुंबई से संचालित करते हैं। दैनिक जागरण से लेकर अमर उजाला, डॉयचे वेले रेडियो, एनडीटीवी इंडिया, सीएनबीसी आवाज़, स्टार न्यूज़ और बिजनेस भास्कर तक में करीब 20 साल तक नौकरी करने के बाद उन्होंने अप्रैल 2010 से हिंदी में वित्तीय साक्षरता के लिए यह वेबसाइट शुरू की। अर्थकाम को इकनॉमिक टाइम्स और आईआईएम अहमदाबाद द्वारा साल 2010 में आयोजित प्रतिस्पर्धा ‘पावर ऑफ आइडियाज़’ के 74 विजेताओं में चुना गया था।






