लंदन। स्वीडिश वेबसाइट विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे ने स्कॉटलैंड पुलिस द्वारा समर्पण करने की नोटिस को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि जमानत की शर्तो का उल्लंघन करने के बाद वह पुलिस स्टेशन में पेश नहीं होंगे। यह नोटिस उन्हें गुरुवार को लंदन स्थित एक्वाडोर दूतावास में भेजी गई थी, जहां उन्होंने स्वीडन प्रत्यर्पित किए जाने से बचने के लिए शरण ले रखी है। उन्होंने एक्वाडोर से राजनीतिक शरण देने के लिए आवेदन किया है।
स्वीडन में दो महिलाओं ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले में उनसे पूछताछ करना चाहती है। ब्रिटेन के सुप्रीम कोर्ट ने 30 मई को उन्हें स्वीडन प्रत्यर्पित करने का फैसला सुनाया था। साथ ही कहा था कि उन्हें 28 जून से पहले प्रत्यर्पित नहीं किया जा सकता। यह अवधि गुरुवार को समाप्त हो गई। पुलिस द्वारा जारी बयान के मुताबिक,'समर्पण न करना फिर से जमानत की शर्तो का उल्लंघन करना है और उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।' रात में दस बजे से सुबह आठ बजे तक जमानत के दौरान दिए गए पते पर रहना शर्तो में शामिल था, लेकिन गत 20 जून को एक्वाडोर के दूतावास में शरण लेकर असांजे पहले ही शर्तो का उल्लंघन कर चुके हैं। (एजेंसी)





