लखनऊ स्थित सामाजिक कार्यकर्ता डॉ नूतन ठाकुर ने कल आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल निलंबन मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट, लखनऊ बेंच में रिट याचिका दायर किया. याचिका के अनुसार उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में अवैध बालू खनन और सार्वजनिक भूमि पर अवैध धार्मिक निर्माण की भारी समस्या है. सुप्रीम कोर्ट ने भी इनके सम्बन्ध में बार-बार कड़े निर्देश दिये हैं.
ऐसे में दुर्गा शक्ति सहित जो भी अधिकारी अवैध बालू खनन और सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक स्थलों के निर्माण हेतु अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही करते हैं, उन्हें प्रोत्साहित करने की जरूरत है, ना कि निलंबन अथवा दण्डित करने की. अतः ठाकुर ने हाई कोर्ट से सचिव, कार्मिक और प्रशिक्षण, भारत सरकार को दुर्गा शक्ति के निलंबन के सम्बन्ध में रिपोर्ट तलब कर गलत पाने पर उसे निरस्त करने के निर्देश देने की मांग की है. साथ ही सभी प्रदेशों के मुख्य सचिवों को बालू माफियाओं और सार्वजनिक भूमि पर अवैध धार्मिक निर्माण कर कार्यवाही करने वाले अफसरों को सहयोग प्रदान करने और उनका मनोबल नहीं तोड़ने सम्बंधित निर्देश जारी करने हेतु निर्देशित करने की भी प्रार्थना की है.





