वेस्ट यूपी के मुजफ्फर नगर जिले से सूचना आ रही है कि यहां हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और आज आईबीएन7 के एक स्ट्रिंगर राजेश वर्मा की दंगाइयों ने गोली मार कर हत्या कर दी. स्ट्रिंगर अशांत मुजफ्फर नगर में कवरेज कर रहा था. उसी दौरान कहीं से निशाना साध कर उसे गोली मार दी गई. इस बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है.
बताया जाता है कि मुजफ्फरनगर के खाला पार इलाके में यह घटना हुई. कई और मीडियाकर्मियों को गोली लगी है. कुछ की हालत गंभीर बताई जाती है. राजेश वर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया है. माना जा रहा है कि राजनीतिक संरक्षण के चलते दंगा थम नहीं रहा. अफसरों को दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश नहीं दिए गए हैं. इस कारण दंगाइयों का मनोबल बढ़ा हुआ है.
कुछ लोगों का कहना है कि इन दंगों के जरिए कुछ पार्टियां हिंदू-मुस्लिम वोट ध्रुवीकरण के प्रयास में हैं. मुजफ्फर नगर से कई मीडियाकर्मियों ने फोन कर जानकारी दी है कि दंगे के दौरान मीडिया वालों के साथ बेहद बुरा सलूक किया जा रहा है और इन्हें निशाना बनाया जा रहा है.






