आई नेक्स्ट, देहरादून से कुणाल वर्मा बरेली भेजे जा रहे हैं. कुणाल देहरादून में आई नेक्स्ट के प्रभारी थे. अब वे आई नेक्स्ट, बरेली के इंचार्ज बनाए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि देहरादून में कुणाल की क्षमता को देखते हुए उन्हें बरेली यूनिट की जिम्मेदारी सौंपी गई है. आई नेक्स्ट का बरेली यूनिट इन दिनों बहुत उथल-पुथल में चल रहा है. पिछले दिनों हस्ताक्षर अभियान के चलते तीन रिपोर्टरों का तबादला किए जाने के बाद यह यूनिट परेशानियों के दौर से गुजर रहा था.
संपादकीय प्रभारी मुसाहिद रफत के इस्तीफे के बाद से ही बरेली में यह पद खाली चल रहा था. चीफ रिपोर्टर सत्येंद्र सिंह ही संपादकीय प्रभारी का दायित्व निभा रहे थे. सत्येंद्र का तबादला बनारस के लिए कर दिया गया है. सत्येंद्र को राजनाथ तिवारी के स्थान पर बनारस भेजा गया है, जिन्होंने इस्तीफा दे दिया था. अब कुणाल वर्मा को आई नेक्स्ट, बरेली के एडिटर का दायित्व सौंपा गया है. हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि देहरादून में उनकी जगह किसको संपादकीय प्रभारी की जिम्मेदारी दी जाएगी.
उल्लेखनीय है कि कुणाल की गिनती सुलझे हुए पत्रकारों में की जाती है. इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रभात खबर, रांची के साथ की थी. इसके बाद वे हिंदुस्तान को भी अपनी सेवाएं दीं. कई सालों तक अमर उजाला, चंडीगढ़ के साथ रहे. इसके बाद पिछले लगभग चार सालों से आई नेक्स्ट से के इंचार्ज के रूप में देहरादून का प्रभार संभाल रहे थे.






