आगरा के अखबार जगत में अब "पुष्प सवेरा" ने भी दस्तक दी है। समाचार पत्र बाजार में उपलब्ध है। प्रतिदिन बीस रंगीन पृष्ठ और सप्ताह में चार-चार पृष्ठों के दो परिशिष्ट लेकर यह अखबार पाठकों को रिझाने में शुरुआती तौर पर कामयाब रहा है। समाचार पत्र प्रसिद्ध कंस्ट्रक्शन कंपनी पुष्पांजलि ग्रुप का है। समाचार पत्र की डमी कई माह से प्रकाशित की जा रही थी, अब इसे रंगीन गेटअप में प्रस्तुत किया गया है। माहभर प्रतिदिन तीन रुपये मूल्य का यह समाचार पत्र विभिन्न आकर्षक स्कीमों के साथ लांच किया गया है।
बड़े समूह का समाचार पत्र बाजार में आने से अन्य मीडिया हाउसों में बेचैनी है। कई पत्रकारों और कर्मचारियों के नए अखबार से जुड़ने ने यह बेचैनी पैदा की है। उधर, पाठक लाभ में हैं। शहर में समाचार पत्रों की संख्या बढ़ने से उनके समक्ष च्वाइस उपलब्ध हुई है। समाचार पत्र के संपादक डॉ. वीडी अग्रवाल हैं जबकि प्रबंध निदेशक हैं वीरेंद्र अग्रवाल। प्रबंध संपादक ओम ठाकुर हैं। ठाकुर लंबे समय से शहर के पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं और कई समाचार पत्रों में कार्य कर चुके हैं। संयुक्त संपादक राजीव मित्तल इससे पूर्व कल्पतरू एक्सप्रेस के समूह संपादक थे। अनिल दीक्षित भी अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं जो इससे एक प्रतिष्ठित करियर पत्रिका में स्थानीय संपादक थे। वह इससे पूर्व आई ऩेक्स्ट के मेरठ और आगरा संस्करण की लांचिग टीम का अहम अंग रह चुके हैं। उन्होंने आज, अमर उजाला और दैनिक जागरण में करीब 14 वर्ष तक कार्य किया है।
दैनिक नवभारत, ग्वालियर से श्रीप्रकाश शुक्ला ने उप समाचार संपादक के रूप में ज्वाइन किया है। फीचर एडीटर विवेक पाठक हैं। पाठक इनोवेशन एक्सपर्ट माने जाते हैं और उन्हें पत्रकारिता के शिक्षण का भी लंबा अनुभव है। शरद चौहान सिटी चीफ हैं जो अमर उजाला समेत कई अखबारों में रहे हैं। शरद ने 14 साल अमर उजाला में विभिन्न अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। वह हिंदुस्तान में भी रहे हैं। अन्य समाचार पत्रों की टीमों के अच्छे सदस्य भी अब पुष्प सवेरा के लिए कार्य कर रहे हैं जिनमें मनोज जैन, दिनेश भदौरिया, शरद शर्मा, जगदीश पुरी, चंद्रशेखर प्रसाद, राजेंद्र सिंह, करन पाल सिंह, विवेक मिश्रा, भगवती प्रसाद मिश्रा, सुनील कुमार, इंद्रपाल सिंह, दिग्विजय सिंह, अनुज उपाध्याय, विशाल सिंह, आशुप्रज्ञ मिश्रा, कुणाल गोस्वामी, तरुण चौधरी मुख्य हैं। समाचार पत्र ने बेहतर प्रजेंटेशन के लिए अन्य समाचार पत्रों से अच्छे पेजीनेटर्स और सिटी डेस्क एडीटर्स भी रखे हैं।





