नए साल में आगरा में धूमधाम से सी एक्सप्रेस की लांचिंग की गई. काफी दिनों से इस अखबार के लांचिंग की तैयारियां चल रही थीं. हेड आफिस तथा जिलों की टीम काफी समय पहले से ही तैयार कर ली गई थी. इसके साथ ही आगरा में अखबारों की संख्या में एक और अंक जुड़ गया. हालांकि जिस तरह और जिस योजना के तहत इसे लांच करने के दावे किये जा रहे थे वे कहीं भी देखने को नहीं मिले.
अखबार को पहले दिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली. इस लांचिंग की योजना इतनी कमजोर साबित हुई कि पहले ही दिन यह अखबार कहीं पहुंचा तो कहीं पहुंच ही नहीं पाया. प्रचार के चलते लोग पहले ही दिन से सी न्यूज को देखने के लिए बेताब थे, पर सी न्यूज आगरा के अधिकतर सेंटरों पर कहीं नजर नहीं आया या नहीं मिला, जिसका परिणाम यह रहा कि आम पाठक सी एक्सप्रेस की कार्यशैली पर ही सवालिया निशान लगाता नजर आया. वहीं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोग इसे हिंदुस्तान अखबार की कॉपी बताते रहे.






