: प्रबंधन ने आईआईएमसी कैम्पस सलेक्शन में पास छात्रों को नहीं बुलाया इंटरव्यू के लिए : आनंद बाजार पत्रिका और स्टार समूह के मतभेद गहराने तथा संबंधों के टूटने का असर स्टार न्यूज के कार्यालय में भी देखने को मिल रहा है. यहां इस खबर को लेकर कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति है. सन 2003 तीन से चले आ रहे इस संबंध को लेकर मार्केट में कई तरह की चर्चा है. खबर है कि कुछ आंतरिक मतभेदों के बाद आनंद बाजार पत्रिका समूह ने रुपर्ट मर्डोक के नियंत्रण वाले स्टार समूह के शेयर खरीदकर उसे बाहर करने की तैयारी कर ली है.
इस खबर के बाद से स्टार न्यूज में निचले स्तर पर भर्तियां भी रूकी पड़ी हैं. सूत्रों का कहना है कि एबीपी समूह तथा स्टार के बीच मतभेद गहराने वाले खबरों के आने के पहले स्टार न्यूज ने आईआईएससी के छात्रों का कैम्पस सलेक्शन करने की योजना बनाई थी. इस योजना के अनुसार 70 छात्रों का रिटेन परीक्षा लिया गया, जिसमें 26 छात्रों ने परीक्षा पास कर ली. बाद में इन्हें जल्द ही इंटरव्यू के लिए बुलाए जाने का आश्वासन दिया गया. पर इस बीच खबर आ गई की दोनों समूहों के बीच रिश्तेदारी खतम हो रही है. इसके बाद से ही प्रबंधन ने इन छात्रों के इंटरव्यू का कार्यक्रम टाल दिया है.
सूत्रों का कहना है कि प्रबंधन खुद असमंजस में है कि पता नहीं कंपनी क्या कदम उठाने वाली है. इसलिए इन छात्रों को इंटरव्यू के बारे में अभी तक कोई सूचना नहीं दी गई है. एबीपी समूह ने भारत में स्टार की पूरी हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी कर ली है. गौरतलब है कि नौ साल पहले दोनों समूहों ने मिलकर मीडिया कंटेंट एंड कम्युनिकेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (एमसीसीएस) का गठन किया था. इस कंपनी के स्वामित्व में स्टार न्यूज और दूसरे चैनल संचालित किए जा रहे थे. बताया जा रहा है कि दोनों कंपनियों के बीच संपादकीय और अन्य रणनीतिक मसलों को लेकर मतभेद हो गया है. जिसके बाद संयुक्त कंपनी के प्रबंधन एक दूसरे से अलग होने की तैयारी में हैं.
एमसीसीएस में आनंद बाजार पत्रिका की 74 फीसदी हिस्सेदारी है जबकि शेष 24 फीसदी पर रुपर्ट मर्डोक के स्टार न्यूज ब्राडकास्टिंग लिमिटेड का नियंत्रण है. एमसीसीएस 24 घंटे के तीन समाचार चैनलों – स्टार न्यूज, स्टार आनंद और स्टार माझा का संचालन तथा प्रसारण करती है. सूत्र बताते हैं कि दोनों कंपनियां इस सौदे को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुटी हुई हैं. संभावना है कि जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है. सौदे के शर्तों तथा मूल्यांकन की जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पर स्टार न्यूज के पत्रकार ब्रांड नेम को लेकर परेशान हैं.
चैनल में कार्यरत कर्मचारी बताते हैं कि आनंद बाजार पत्रिका समूह तथा स्टार के अलग होने की खबरों से पत्रकार परेशान हैं. ब्रांड बन चुके स्टार का अलग होने की सूचना सभी को कचोट रही है. कहा जा रहा है कि सौदा पक्का हो जाने के बाद एबीपी अपने बांग्ला चैनल को आनंद और मराठी को माझा टीवी का नाम दे सकती है. वहीं स्टार न्यूज को आनंद बाजार टीवी नाम दिए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि एबीपी ग्रुप इस सौदे में गैर प्रतिस्पर्धी शर्त लगा सकती है, जिसके चलते स्टार एक से डेढ़ साल तक कोई चैनल भारत में लांच नहीं कर सकेंगे या किसी से साझेदारी नहीं कर सकेंगे.






