पुदुचेरी में देश भर के चुनिंदा संपादकों का कांफ्रेंस चल रहा है. दो दिवसीय कांफ्रेंस का आज आखिरी दिन है. शुक्रवार को आल इंडिया एडिटर कांफ्रेंस का उद्घाटन दोपहर दो बजे केंद्रीय मंत्री ग्रामीण विकास जयराम रमेश ने किया. इस दौरान केंद्रीय मंत्री वी नारायणसामी, लेफ्टिनेंट गवर्नर पुदुचेरी इकबाल सिंह, मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी एवं पीडीजी एम एंड सी श्रीमती नीलम कपूर भी मौजूद थीं. इस सत्र में तमाम लोगों ने अपने अपने विचार रखे. देश के सभी भागों के चुनिंदा संपादक इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं.
अपने संबोधन में जयराम रमेश ने देश में व्याप्त नक्सल समस्या पर प्रकाश डाला तथा बताया कि नक्सली देश के 78 जिलों में अपनी मजबूत पकड़ बना चुके हैं. इनसे विकास के जरिए ही निपटा जा सकता है. सम्मेलन को केंद्रीय मंत्री वी नारायणसामी, पुदुचेरी के लेफ्टिनेंट गवर्नर इकबाल सिंह, मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी ने भी संबोधित किया. सब ने मीडिया में डेमोक्रेसी की बात पर जोर दिया. नारायणसामी ने कहा कि पीएमओ चाहता है कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत बने. देश में पारदर्शिता बढ़े, इसके लिए फोकस किया जा रहा है. सोनिया गांधी का मिशन है कि देश से भ्रष्टाचार मिटे.

शनिवार के सत्र का शुभारंभ वी नारायणसामी ने किया. दूसरे सत्र में केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री जी पुरंदेश्वरी, केंद्रीय मंत्री केवी थामस ने भी संबोधित किया. मंत्रिगण ने इस बात पर जोर दिया कि मीडिया चीजों को सकारात्मक रूप से सबके सामने रखे. मंत्रियों ने बताया कि यूपीए सरकार देश को भ्रष्टाचार मुक्त करना चाहती है, इसमें मीडिया का सहयोग भी जरूरी है. सरकार शिक्षा पर भी पूरा जोर दे रही है. प्रारम्भिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक में सुधार की कोशिश जारी है. इसके साथ ही इन मंत्रियों ने और सारे वादे-इरादे भी जताए.
पीआईबी द्वारा आयोजित इस कांफ्रेंस में पूरे देश के चुनिंदा 22 संपादक-पत्रकार भाग ले रहे हैं. यूपी-बिहार-हिमाचल-पंजाब और चड़ीगढ़ रीजन से इस कांफ्रेंस के लिए आज समाज के एक्जीक्यूटिव एडिटर अजय शुक्ला को बुलाया गया है. सिक्किम से सिक्किम डेली मेल के एडिटर शीत राय को आमंत्रित किया गया है. इसके अलावा राजस्थान पत्रिका समेत कई भाषाओं के संपादक आमंत्रित किए गए हैं. इन संपादकों को कल राज्य के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी ने डिनर दिया था. आज लेफ्टिनेंट गवर्नर इकबाल सिंह ने सभी लोगों को राजभवन में डिनर के लिए आमंत्रित किया है.







