बनारस में जनसंदेश टाइम्स की लांचिंग की तैयारियां शुरू हो गई हैं. अमर उजाला, नैनीताल के संपादक रह चुके तथा बनारस की पत्रकारिता में छाप छोड़ने वाले वरिष्ठ पत्रकार आशीष बागची को जनसंदेश टाइम्स का संपादक बनाया गया है. इन्हें अखबार की टीम तैयार करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. संभावना है कि नए साल में अखबार की लांचिंग हो जाएगी. फिलहाल अभी कोई टाइम लाइन तय नहीं किया गया है.
बनारस में 'बागची दादा' के नाम से पहचाने जाने वाले आशीष बागची पिछले तैंतीस सालों से मुख्य धारा की पत्रकारिता में सक्रिय
हैं. इन्होंने करियर की शुरुआत बनारस में चौराहा साप्ताहिक के साथ की थी. इसके बाद सांध्य आज, नार्दन इंडिया पत्रिका और जनवार्ता होते हुए दैनिक आज पहुंचे. यहां से इस्तीफा देने के बाद बनारस में ही दैनिक जागरण से जुड़ गए. तेरस सालों तक जागरण के साथ विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे. फिर हिंदुस्तान, वाराणसी को भी वरिष्ठ पदों पर सेवाएं देने के बाद कानपुर में न्यूज एडिटर के रूप में अमर उजाला ज्वाइन कर लिया था. अमर उजाला के साथ मेरठ और देहरादून पहुंचे. इसके बाद प्रबंधन ने इन्हें नैनीताल (हल्द्वानी) का संपादक बना दिया था. बाद में इन्होंने यहां से इस्तीफा देकर बनारस में खुद के अखबार एवं वेबसाइट पूर्वांचलदीप का संचालन कर रहे थे.
सूत्रों का कहना है कि अखबार का कार्यालय आनंद मंदिर के पास तैयार हो रहा है. हालांकि हिंदुस्तान के क्राइम रिपोर्टर पवन सिंह एवं हिंदुस्तान से ही इस्तीफा देने वाले असद लारी के जुड़ने की भी संभावना है. फिलहाल दोनों लोग अभी अखबार से जुड़े नहीं हैं. हिंदुस्तान से ही इस्तीफा देने वाले एजीएम सीपी राय भी इस अखबार से जुड़ चुके हैं. संभावना है कि जल्द ही जनसंदेश टाइम्स अपनी टीम तैयार करेगा.






