छिंदवाड़ा। आसाराम बापू जाने माने संत हैं। जनता के उद्धार का दावा करने वाले आसाराम बापू के लाखों भक्त हैं। कई शहरों में बापू के आश्रम चल रहे हैं। पर घोषित संत होने के बावजूद बापू हमेशा विवादों में रहते हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा का है। मंगलवार को बापू के छिदवाड़ा स्थित आश्रम में बिजली विभाग ने छापा मारकर लाखों रुपये के बिजली की चोरी पकड़ी है। विभाग ने आश्रम पर पौने दो लाख रुपये का फाइन किया।
सुपरिटेंडेंट इंजीनियर प्रहलाद गुप्ता ने बताया कि आश्रम प्रशासन अपने इलेक्ट्रिक मीटर में चुंबक लगाकर बिजली की चोरी कर रहा था। विभाग ने आश्रम परिसर से चुंबक और इलेक्ट्रिक मीटर जब्त कर लिया है। आश्रम पर एक लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उल्लेखीनय है कि बाबा पहले भी विवादित रह चुके हैं। चाहे उनके आश्रम में शव मिलने का मामला हो, गाली देने का मामला हो या फिर पत्रकार को पीटने का. अन्य कई प्रकरण बताते हैं कि बाबा पैसे का मोह पाल रहे हैं, हिंसक होते जा रहे हैं। इस बीच गौंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीस खान ने इस बिजली चोरी को लेकर आसाराम के खिलाफ आपराधिक केस रजिस्टर्ड करने की मांग की है।





