कैनबरा। आस्ट्रेलिया सरकार ने आशंका जताई कि देश की सबसे अमीर महिला गीना रिनेहार्ट ने एक प्रमुख अखबार में बढ़ती अपनी हिस्सेदारी का इस्तेमाल अपने व्यावसायिक हितों को पूरा करने में इस्तेमाल करने की योजना बनाई है। फोर्ब्स पत्रिका ने मार्च में खनन उद्यमी रिनेहार्ट की संपत्ति 18 अरब डालर आंकी थी। वह एक जुलाई से लौह अयस्क तथा कोयला खदानों के बढ़ते मुनाफे पर 30 प्रतिशत कर लगाने की मध्य-वामपंथी सरकार की योजना की मुखर आलोचक हैं।
उन्होंने आस्ट्रेलिया की सर्वाधिक औद्योगिक प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों पर एक जुलाई से प्रति मीट्रिक टन कार्बन डाई आक्साइड के उत्सर्जन पर 23 आस्ट्रेलियाई डालर कर लगाने का भी विरोध किया है। रिनेहार्ट ने पिछले हफ्ते संकट से जूझ रहे देश के दूसरे सबसे बड़े प्रकाशन संस्थान फेयरफैक्स मीडिया में अपनी हिस्सेदारी 12.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 18.7 प्रतिशत की। फेयरफैक्स अखबार की आज प्रकाशित खबर के अनुसार अखबार की सबसे बड़े शेयरधारक रिनेहार्ट इसके निदेशक बोर्ड में तीन सीटें चाहती हैं और उपाध्यक्ष की भूमिका के साथ ही संपादकीय फैसलों में भी अहम अधिकार चाहती हैं।





