नोएडा में इन दिनों मीडिया वाले ही निशाने पर हैं. जब मीडिया वालों के आफिस और खुद मीडिया वालों की गाड़ियां ही सेफ नहीं हैं तो दूसरों के बारे में क्या कहा जाए. भड़ास तक तीन सूचनाएं पहुंची हैं. एक तो ये कि इंडिया टीवी के आफिस से यहां कार्यरत हर्ष अग्रवाल की होंडा सिटी कार (डीएल3सी 7202) चोरी चली गई. इस बारे में प्रबंधन और पुलिस को सूचित कर दिया गया है.
दूसरी सूचना समाचार प्लस न्यूज चैनल के नोएडा स्थित सेक्टर 63 मुख्यालय से है. यहां आउटपुट में काम कर रहे आशीष की बाइक चोरों ने उड़ा दी. किसी को यह आशंका नहीं थी कि चैनल के आफिस के सामने भी चोर अपना करतब दिखा देंगे. कहा जा रहा है कि यह सब कुछ पुलिस संरक्षण के बिना संभव नहीं है.
उधर, दैनिक जागरण के नोएडा सेक्टर 63 स्थित कार्यालय के सामने की पार्किंग से दो मोटरसाइकिलें चोरी हो गईं. जागरण कार्यालय के सामने से लंबे समय से चोरी और झपटमारी जैसी वारदात को अंजाम दिया जा रहा है. पिछले सप्ताह दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी की वारदात हो गई. बताया जाता है कि एक इनोवा कार दैनिक जागरण कार्यालय के सामने आकर रुकी. उसमें से कुछ लोग उतरे और एक मोटरसाइकिल की तरफ इशारा करके कहा, यह मोटरसाइकिल चोरी की है, इसे हम ले जाएंगे. इस पर हेड गार्ड सर्वेश ने एक और गार्ड की मदद से मोटरसाइकिल लदवा दी. बाद में पता चला कि इनोवा कार से आए लोग बदमाश थे, जो झांसा देकर मोटरसाइकिल ले उड़े. हैरानी की बात यह है कि बिना कोई जांच पड़ताल किए गार्डों ने मोटरसाइकिल बदमाशों को आसानी से ले जाने दिया. इसी प्रकार इस सप्ताह पेजीनेटर प्रमोद मिश्रा की भी मोटरसाइकिल चोरी हो गई, लेकिन जागरण प्रबंधन ने उलटे प्रमोद को ही यह कहते हुए दोषी ठहरा दिया कि उसने मोटरसाइकिल पार्किंग में नहीं खड़ी की थी.






