खबर है कि इलेक्ट्रानिक मीडिया के लिए विजुवल-बाइट उपलब्ध कराने वाली न्यूज एजेंसी 'एनडब्ल्यूएस' बंद करने की तैयारी अंदरखाने चल रही है. हिंदी-अंग्रेजी न्यूज चैनलों को वीडियो-विजुवल देने वाली यह न्यूज एजेंसी हरियाणा के कांग्रेसी नेता विनोद शर्मा के पुत्र कार्तिक शर्मा की है. इसी ग्रुप का न्यूज चैनल इंडिया न्यूज है. सूत्रों के मुताबिक ग्रुप के न्यूज चैनल इंडिया न्यूज के लिए एएनआई की सर्विस ली गई है.
इससे पता चलता है कि यह ग्रुप अपनी खुद की न्यूज एजेंसी की सेवा पर भरोसा नहीं करता. एनडब्ल्यूएस के संपादक सतीश जैकब हैं. देश भर के छोटे-बड़े सभी हिंदी-अंग्रेजी न्यूज चैनल एएनआई की सर्विस लेते हैं लेकिन इंडिया न्यूज इसलिए सर्विस नहीं लेता था क्योंकि वह खुद एएनआई जैसी एजेंसी एनडब्ल्यूएस नाम से चलाता था. इंडिया न्यूज कई खबरों में सिर्फ इसलिए पिछड़ा क्योंकि उसके पास एएनआई की सेवा नहीं थी.
सूत्र बताते हैं कि दीपक चौरसिया की सलाह पर अंततः कार्तिक शर्मा ने एएनआई के आगे मत्था टेक दिया है. इंडिया न्यूज ने इस हफ्ते से एएनआई की सर्विस ले ली है. देखना है कि एनडब्ल्यूएस का बोरिया बिस्तर कब तक बंधता है. यहां काम कर रहे मीडियाकर्मी खौफ में हैं कि उनकी नौकरी का क्या होगा. एनडब्ल्यूएस की बंदी के बारे में अभी प्रबंधन की तरफ से कोई अधिकृत घोषणा नहीं की गई है. माना जा रहा है कि घाटे का यह सौदा प्रबंधन देर तक अपने कंधे पर नहीं ढोएगा.





