उदयपुर। टोंक में इंडिया न्यूज चैनल के संवाददाता जियाउद्दीन से शनिवार को राजकीय अधिकारियों द्वारा मारपीट करने व हमले के विरोध में राजस्थान पत्रकार परिषद के सदस्य तथा शहर के वरिष्ठ पत्रकारों ने जयप्रकाश माली के नेतृत्व में मंगलवार को उदयपुर कलक्ट्रेट में एडीएम सिटी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल वरिष्ठ पत्रकार शांतिलाल सिरोया, मुनेश अरोड़ा, वीरेंद्र श्रीवास्तव, डॉ. रवि शर्मा, प्रतापसिंह राठौड़, प्रमोद गौड़, अब्बास रिजवी, शांतिलाल जैन, कपिल श्रीमाली, कुलदीप सिंह, प्रकाश मेघवाल, अनिल जैन, घनश्याम सिंह भीण्डर ने बताया कि टोंक में पत्रकार को जान बूझकर निशाना बनाया गया है।
पत्रकारों ने कहा कि उनके खिलाफ राजकार्य में बाधा का झूठा मुकदमा भी दर्ज किया गया है। लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ पर हुए इस हमले के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मीडिया पर बार-बार हो रहे हमलों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार के भी ठोस कार्रवाई की दिशा में पहल करनी होगी। प्रतिनिधिमंडल ने कार्रवाई नहीं होने की दशा में धरना व प्रदर्शन की भी चेतावनी दी।






