इंडिया न्यूज नेशनल की लांचिंग 14 फरवरी को तय की गई है. अब तक यह चैनल 'जंगल में मोर नाचा किसने देखा' की तर्ज पर चल रहा था. पर खबर है कि अब इस चैनल का लुक ही नहीं बल्कि सबकुछ बदल देने की तैयारी ग्रुप मैनेजिंग एडिटर राणा यशवंत के निर्देशन में चल रही है. कंटेंट के साथ टीवी के लुक को भी बदलने के लिए जाने जाने वाले राणा यशवंत पूरी तरह से इंडिया न्यूज के नेशनल चैनल के कायाकल्प में जुटे हुए हैं.
इस बात की गंभीरता को इसी से समझा जा सकता है कि इंडिया न्यूज का कोई भी पुराना एंकर नेशनल चैनल पर एंकरिंग करता नहीं दिखेगा. इस चैनल को गंभीर और लोकप्रिय बनाने के लिए दूसरे बड़े चैनलों की एंकरों को लाया गया है, जिसमें आंचल आनंद, तान्या दवे, शीतल राजपूत जैसे जाने पहचाने चेहरे शामिल हैं. संभावना है कि आगे कुछ और बड़े नाम और चेहरे इंडिया न्यूज से जुड़ेंगे. सूत्रों का कहना है कि चैनल का लोगो तो बदला ही गया है, इसका लुक, टीकर-पट्टी और ब्रेकिंग में परिवर्तन किए जाएंगे. ये सारे काम राणा यशवंत की देखरेख में चल रहे हैं.
इसके अलावा खबरों के ट्रीटमेंट को लेकर भी तमाम निर्देश जारी किए गए हैं. भाषा, हेडलाइन के तरीकों पर भी व्यापक चर्चा और दिशा निर्देश जारी हो रहे हैं. इतना ही नहीं इस चैनल के प्रमोशन की भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. सूत्रों का कहना है कि चैनल का प्रमोशन एफएम रेडियो, सिनेमा घरों समेत तमाम संभावित जगहों पर कराया जाएगा. तान्या दवे, आंचल आनंद एवं शीतल राजपूत के प्रोमो भी जारी कर दिए गए हैं. बताया जा रहा है कि ये प्रोमो खुद चैनल के एडिटर इन चीफ दीपक चौरसिया ने लिखे हैं.
नया मैनेजमेंट फिलहाल सारा ध्यान नेशनल चैनल की लांचिंग पर लगा रहा है. इस चैनल की लांचिंग के बाद रीजनल चैनलों का भी लुक आंशिक तौर पर बदला जाएगा. इंडिया न्यूज ने अपना पुराना लोगो भी चेंज कर दिया है. यही लोगो नेशनल और रीजनल चैनलों के लिए होगा. नेशनल के बाद रीजनल चैनलों के भाषा और कंटेंट में बदलाव किया जाएगा. नीचे शीतल राजपूत, आंचल आंनंद एवं तान्या दवे का प्रोमो.