इंदौर। इंदौर प्रेस क्लब परिसर में मूर्धन्य संपादक राहुल बारपुते, राजेंद्र माथुर एवं प्रभाष जोशी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह निर्णय इंदौर प्रेस क्लब की वार्षिक साधारण सभा में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल ने की।
इंदौर प्रेस क्लब महासचिव अरविंद तिवारी ने बताया कि साधारण सभा में प्रेस क्लब सदस्यों के दो-दो लाख रुपए राशि की दुर्घटना बीमा योजना, ६० वर्ष से अधिक उम्र के सदस्यों का सदस्यता शुल्क माफ करने, सदस्यों के आठवीं तथा दसवीं कक्षा के मेघावी बच्चों को प्रतिमाह एक हजार रुपए की स्कालरशिप, प्रकाशित छायाचित्रों पर प्रतिमाह पांच हजार रुपए के पुरस्कार दिए जाने, वार्षिक सदस्यता शुल्क बढ़ाकर पांच सौ रुपए प्रतिवर्ष तथा पांच हजार आजीवन शुल्क करने का निर्णय हुआ।
प्रारंभ में अध्यक्ष श्री खारीवाल ने इंदौर प्रेस क्लब में स्थापित होने जा रहे राष्ट्रीय शोध केंद्र के विषय में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष कमल कस्तूरी ने वर्ष २०१२-१३ की ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की। अंत में सचिव संजय लाहोटी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष शशीन्द्र जलधारी, ओमी खंडेलवाल, जीवन साहू सहित बड़ी संख्या में सदस्यगण मौजूद थे। सदस्यों ने प्रेस क्लब की बेहतरी के लिए अनेक सुझाव दिए।






