नयी दिल्ली। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में चल रहे जनसंचार एवं पत्रकारिता (फेस टू फेस) कोर्स बंद किये जाने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने कल संस्थान का घेराव किया और अनशन करने का निर्णय किया है। छात्रों ने इग्नू के कार्यवाहक कुलपति प्रो. एम असलम पर संस्थान में संचालित जनसंचार एवं पत्रकारिता (फेस टू फेस कोर्स) समेत कई पूर्णकालिक पाठ्यक्रमों को बंद करने किये जाने का निर्णय करने और मानव संसाधन विकास मंत्रालय को अपनी सिफारिश भेजने का आरोप लगाया है।
मंत्रालय के सूत्रों ने हालांकि समाचार एजेंसी ‘भाषा’ से कहा कि कुलपति ने इस विषय में अपनी सिफारिश भेजी है लेकिन इससे वर्तमान छात्रों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। अभी इस कोर्स में दाखिला लेने वाले छात्रों का पाठ्यक्रम पूरा कराया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस विषय पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं किया गया है। इस विषय पर प्रबंधन बोर्ड अंतिम निर्णय करेगा। छात्रों के हितों का पूरा ख्याल किया जायेगा।’’ दूसरी ओर, छात्र आंदोलन का संचालन कर रहे राहुल मिश्रा ने कहा कि छात्रों के हितों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और बिना किसी कारण के इन पाठ्यक्रमों को बंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने आज इग्नू का घेराव किया और अगर छात्रों के हितों को ध्यान में नहीं रखा गया तब हम अनशन करेंगे।





