इटावा : यूपी में अपराधी किस कदर बेखौफ हो चुके हैं इसकी बानगी इटावा में देखने को मिली. बाइक सवार लुटेरों ने पुलिस बनकर अखबार विक्रेता को धमकाकर उसकी तलाशी लेकर वसूली करके लाए गए रुपये लूट लिए. अब लुटेरे पुलिस के भेष में हैं या पुलिस लुटेरों के भेष में है कहना मुश्किल है. पर सीएम के गृह जनपद में हुई इस घटना ने सरकार पर भी सवाल उठा दिया है. शहर में थाना सिविल लाइन क्षेत्र में ओवरब्रिज के उत्तरी ओर शुक्रवार रात बाइक सवार 3 लुटेरों ने इस वारदात को अंजाम दिया.
जानकारी के अनुसार अखबार विक्रेता दीपक सविता निवासी मोहल्ला लालपुरा कोतवाली सदर लाइन पार क्षेत्र के फ्रेंडस कालोनी तथा अशोकनगर में अखबार की वसूली करके बीती रात करीब साढ़े आठ बजे घर वापस जा रहा था. पुल की ओर मुड़ते ही बाइक सवार 3 लुटेरों ने उसे रोक लिया, पुलिसिया रौब झाड़ते हुए बोले तेरे पास तमंचा है, उसे निकालकर दे. दीपक ने तमंचा न होने की कहा, जिसपर लुटेरों ने तलाशी लेना शुरू कर दिया. उसने जेब से जैसे ही रुपये निकाले वैसे ही लुटेरे रुपये छीन शहर की ओर भाग गए. दीपक की चीख-पुकार सुन कुछ राहगीरों ने लुटेरों का पीछा किया, पर हाथ नहीं आए.





