: बसपा प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य का रिश्तेदार : इलाहाबाद जिले के 254 फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र में चुनाव आचार संहिता की खुलेआम जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में बसपा प्रत्याशी गुरुप्रसाद मौर्य और सपा के पूर्व मंत्री अंसार अहमद के तीन प्रचार वाहनों को चुनाव आयोग के अधिकारियों ने सीज कर दिया। धरपकड़ की यह कार्रवाई 7 फरवरी को शाम साढ़े चार बजे इलाहाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर नवाबगंज में की गई। इन वाहनों को नवाबगंज थाने में लाकर सीज किया गया है।
बसपा प्रत्याशी गुरुप्रसाद मौर्य नवाबगंज क्षेत्र के निवर्तमान विधायक हैं। इसके अलावा यह बसपा के वरिष्ठ नेता व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के रिश्तेदार हैं, जबकि सपा शासनकाल में पूर्वमंत्री रहे अंसार अहमद चर्चित माफिया डान अतीक अहमद के खासमखास माने जाते हैं। महत्वपूर्ण यह है कि इसके पूर्व 24 जनवरी को कांग्रेस प्रत्याशी शेखर बहुगुणा के खिलाफ रोड शो और चार पहिया वाहनों के भारी भरकम जुलूस निकालने के मामले में होलागढ़ थाने में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। शेखर बहुगुणा कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के भाई और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के पुत्र हैं। इनकी मां स्वर्गीय कमला बहुगुणा इस क्षेत्र की सांसद रह चुकी हैं। बड़ी ही जद्दोजहद और स्थानीय कांग्रेसियों के कड़े विरोध के बाद शेखर को यहां से कांग्रेस का टिकट मिला। इनका टिकट घोषित होने के बाद इलाके में कांग्रेसियों ने ही करीब आधे दर्जन जगहों पर शेखर बहुगुणा और रीता बहुगुणा जोशी का पुतला दहन किया था।
इलाहाबाद से वरिष्ठ पत्रकार शिवाशंकर पांडेय की रिपोर्ट.






