संसद के उच्च सदन में राजनेताओं के साथ इस बार चार पत्रकार भी पहुंचे हैं. चारो निर्विरोध चुनकर गए हैं. तीन पत्रकार तृणमूल कोटे से तथा एक पत्रकार कांग्रेस के कोटे से राज्यसभा में आए हैं. तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल से जिन तीन पत्रकारों को राज्यसभा भेजा है उसमें कुणाल घोष, नदिमुल हक और विवेक गुप्ता शामिल हैं वहीं कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश से रापोलू आनंद भास्कर को उच्च सदन पहुंचाया है.
ममता की पार्टी ने इस बार बांग्ला-उर्दू तथा हिंदी तीनों भाषओं के पत्रकारों को उच्च सदन में भेजा है. कुणाल घोष बांग्ला दैनिक 'सम्बाद प्रतिदिन' के एसोसिएट एडिटर हैं. नदिमुल हक उर्दू दैनिक 'अकबर-ए-मसरिक' के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जबकि विवेक गुप्ता हिंदी दैनिक 'सन्मार्ग' के निदेशक हैं. कांग्रेस ने आंध प्रदेश से वरिष्ठ पत्रकार रापोलू आनंद भास्कर का राज्यसभा में इंट्री कराई है. उल्लेखनीय है कि इस बार राज्य सभा के 58 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं. झारखंड और उत्तराखंड को छोड़कर अन्य राज्यों में निर्विरोध चयन हुआ है.






