शाहजहांपुर : एक न्यूज चैनल के नाम पर अवैध वसूली करने में दो कथित पत्रकारों 12 घंटे हवालात में बिताने पड़े। शनिवार को एक स्थानीय टिम्बर मर्चेन्ट ने ट्रक से बरेली के लिए यूकेलिप्टिस की जड़ें भरवाकर रवाना की। शारदा नहर मकसूदापुर पुल के पास दो बाइक सवारों ने ओवरटेक कर ट्रक को रोक लिया और चालक से कागजात मांगे। चालक ने कागजात न होने का बहाना बनाकर उसका कारण जानना चाहा। इस पर कथित पत्रकारों ने चालक से मोटी रकम की मांग की।
संदेह होने पर चालक ने इस बात की सूचना ट्रक मालिक को दी। मालिक ने चालक को ट्रक ले जाने का निर्देश दिया, जिसके बाद चालक ट्रक लेकर रवाना हो गया। इससे गुस्साए कथित पत्रकार थाने पर आ धमके और मालिक समेत ट्रक को पकड़ने के लिए एसओ पर दबाव बनाने लगे। पहले तो एसओ ने पत्रकार होने के नाते सम्मान दिया, लेकिन जब ये लोग जब ज्यादा दबाव बनाने लगे तो एसओ ने ट्रक चालक से अवैध वसूली करने का आरोप जड़ते हुए दोनों को हवालात में डाल दिया।
सूचना मिलने पर कई लोगों के पहुंचने तथा ट्रक चालक और मालिक से सुलहनामा के बाद पुलिस ने दोनों कथित पत्रकारों को छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों को अवैध वसूली के प्रयास में हिरासत में लिया गया था, लेकिन सुलहनामा दिए जाने पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।






