भदोही जनपद में हो रहे पुलिस उत्पीड़न और दैनिक जागरण के जिला विज्ञापन प्रभारी होरीलाल यादव की कोतवाल संजय नाथ तिवारी द्वारा की गयी बेवजह पिटाई से आक्रोशित पत्रकारों ने गुरुवार को सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। जनपद के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा दो दिन बाद जाँच के बाद कार्यवाही के आश्वासन पर आन्दोलन समाप्त हुआ।
पूर्व सूचना के अनुसार भदोही जनपद के करीब ८० की संख्या में पत्रकार पूर्वांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष हरीश सिंह की अध्यक्षता में ज्ञानपुर के हरिहरनाथ मंदिर पर जमा हुए। पत्रकार के साथ हुयी घटना को लेकर लोंगो में काफी आक्रोश था, लिहाजा बैठक के बाद पत्रकार नगर के दुर्गागंज तिराहे पर पहुँच कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिए। थोड़ी देर बाद अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और पत्रकारों को समझाना शुरू किया, किन्तु पत्रकार जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से बात करना चाहते थे।
पत्रकारों की मांग थी कि दोषी कोतवाल को निलंबित कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाय। साथ ही पत्रकार सुरेश गाँधी सहित सभी पत्रकारों पर लादे गए फर्जी मुकदमे वापस लिए जाय। करीब पांच घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद इस आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ कि कार्रवाई के लिए दो दिन का समय प्रशासन को दिया जाय। इसके बाद पत्रकार माने, पत्रकारों ने तय किया है कि यदि आरोपी कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तो पत्रकार आगे की रणनीति बनायेंगे। पत्रकार के साथ हुयी घटना को लेकर जनपद के पत्रकारों में जबरदस्त आक्रोश है।






