राजस्थान पत्रकार संघ (जार) के अध्यक्ष को लेकर कार्यकारिणी सदस्यों में असंतोष गहराया गया है। इन सदस्यों ने बैठक कर अध्यक्ष तुक्तक भानावत के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर हटाने की घोषणा कर दी है। जार के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों ने गुलाब बाग में यह बैठक की। इसमें अध्यक्ष तुक्तक भाणावत की कार्यप्रणाली पर असंतोष जाहिर कर पद से हटाने का निर्णय लिया गया।
उपाध्यक्ष विनोद मोलपुरिया को आगामी चुनाव तक संगठन संचालन के लिए संयोजक मनोनीत किया। बैठक में प्रदेश सचिव जगदीश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन सचिव हेमेंद्र श्रीमाली को भी बुलाकर बैठक की कार्यवाही से अवगत कराया गया। प्रदेशाध्यक्ष ललित शर्मा के नाम अध्यक्ष के खिलाफ ज्ञापन तैयार किया गया। इस दौरान कोषाध्यक्ष रमेश गर्ग, सचिव भूपेंद्र चौबीसा, दिनेश गोठवाल, प्रचार सचिव विशाल अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य शांतिलाल जैन, भूपेंद्रसिंह चुंडावत, राजेंद्र हिलोरिया आदि मौजूद थे।
बैठक में अध्यक्ष तुक्तक भानावत के खिलाफ सभी कार्यकारिणी के सदस्यों ने एक स्वर में तानाशाही करने और जार के पैसों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और जार को संगठन के रूप में चलाने के बजाये निजी तौर पर उपयोग करने का भी आरोप लगाया। गौरतलब है कि जार द्वारा प्रकाशित स्मारिका २०११ जारोदय के प्रकाशन के बाद होने वाले विमोचन कार्यक्रम में कार्यकारिणी सदस्यों की अवहेलना और उन्हें दरकिनार करने के चलते यह असंतोष फैला था, जिसके तहत अब आधी से ज्यादा कार्यकारिणी ने एक अलग गुट बनाते हुए अध्यक्ष तुक्तक भानावत के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने के निर्णय कर लिया। और इसकी जानकारी प्रदेश के प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाकर दे दी गई।






