सहारा में स्वतंत्र मिश्रा के राज का खात्मा तो काफी समय पहले ही हो गया था, अब उन्हें गद्दी से भी उतार दिया गया. यानी अब उन्हें उस केबिन से बाहर कर दिया गया, जिसमें वे अपने शासनकाल में बैठकर सहारा की सत्ता संचालित करते थे. पूरी ताकत के साथ वापस लौटे उपेंद्र राय अब इसी केबिन में अपनी गद्दी संभाल चुके हैं. उपेंद्र आज स्वतंत्र मिश्रा से खाली कराए गए केबिन में कुछ देर के लिए बैठे.
सहारा के बिल्डिंग में फर्स्ट फ्लोर पर स्थित सहारा मीडिया के हेड का केबिन, जिसमें कभी उपेंद्र राय भी बैठा करते थे, में उपेंद्र के ग्लोबल हेड बनकर जाने के बाद स्वतंत्र मिश्रा की ताजपोशी हुई थी. इस केबिन में बैठकर ही स्वतंत्र मिश्र ने कई फरमान जारी किए, कई लोगों को किनारे किया, कई लोगों को तोहफे दिए. आज खुद उस केबिन से उन्हें रुखसत होना पड़ा है. उपेंद्र अब और भी ताकत के साथ वापस लौट चुके हैं. और स्वतंत्र मिश्र उनके रबर स्टाम्प बन चुके हैं.
गुरुवार यानी आज स्वतंत्र मिश्रा को उपर के केबिन से हटाकर नीचे भेज दिया गया. उनके सामान को भी केबिन से निकालकर उनके नए केबिन में पहुंचा दिया गया. 12 अप्रैल के बाद आज दूसरी बार उपेंद्र राय सहारा कार्यालय आए तथा स्वतंत्र मिश्रा से खाली कराए गए केबिन में बैठे. कुछ लोगों से मुलाकात भी की. अब समझा जा रहा है कि जल्द ही सहारा में व्यापक फेरबदल को अंजाम दिया जाएगा. उपेंद्र के आने से जहां उनके समर्थक लॉबी खुश है, वहीं स्वतंत्र मिश्रा एंड कंपनी खेमे में मायूसी छाई हुई है. जबकि सत्ता से चिपक के रहने वाले जुगाड़ की खोज में लग गए हैं.