एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सहारा से आ रही है। हाल के दिनों में साइडलाइन कर दिए गए उपेंद्र राय पर सहारा समूह के चेयरमैन सुब्रत रॉय ने फिर से भरोसा जताया है। उपेंद्र राय को सहारा को संकट से निकालने का जिम्मा दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक इसके लिए सहारा में एक आंतरिक मेल भी जारी किया गया है। सहारा के सभी विभागों के प्रमुखों को जारी मेल में कहा गया है कि वो उपेंद्र राय को पूरा सहयोग करें। यही नहीं उपेंद्र राय को मीडिया में दखल देने का भी पूरा अधिकार दिया गया है। यानी सहारा के लिए संकटमोचक की भूमिका में आ गए हैं उपेंद्र राय।

सूत्रों के मुताबिक सुब्रत रॉय से अधिकार मिलने के बाद शनिवार को देर रात उपेंद्र राय ने एक इमरजेंसी बुलाई जिसमें सहारा मीडिया के सभी वरिष्ठ शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक करीब चार घंटे चली इस मीटिंग में सहारा को संकट से उबारने के लिए एक रूपरेखा तैयार की गई। उपेंद्र राय के एक बार फिर से ताकतवर बनने से मौजूदा समय में मीडिया का काम देख रहे संदीप वाधवा खेमे में खलबली मच गई है। जाहिर है कि संदीप वाधवा पर सुब्रत रॉय का भरोसा कम हुआ है। सूत्रों के मुताबिक संदीप वाधवा सहारा के मीडिया डिवीजन को चलाने में अभी तक नाकाम साबित हुए हैं जिसको लेकर सुब्रत रॉय काफी नाराज हैं। सूत्रों का ये भी कहना है कि संदीप वाधवा से कॉरपोरेट फाइनेंस के प्रमुख की जिम्मेदारी भी छीन ली गई है। अब देखना ये है कि फिर से मजबूत हुए और मुख्यधारा में वापस लौटे उपेंद्र राय सहारा को संकटों से कितना बचा पाते हैं।






