दैनिक भास्कर, भोपाल के सिटी पुलआउट सिटी भास्कर की प्रभारी ऋतु मिश्र ने इस्तीफा दे दिया है। ऋतु मिश्र इससे पहले पत्रिका इंदौर में थीं, जहां से इस्तीफा देकर भोपाल सिटी भास्कर ज्वाइन किया था। एक अन्य सूचना के मुताबिक दैनिक भास्कर के वेब विभाग आईएमसीएल से लगातार इस्तीफे हो रहे हैं। हाल ही में हिंदी टीम के विनय झा ने इस्तीफा दे दिया है। उनके अलावा नोएडा में बैठने वाली हिंदी टीम से कई सदस्य इस्तीफा देने की तैयारी कर चुके हैं।
इस्तीफों की वजह प्रबंधन द्वारा सभी को भोपाल ट्रांसफर किया जाना बताया जा रहा है। गौरतलब है कि भास्कर डॉट कॉम की टीम के कुछ सदस्य नोएडा में बैठते हैं और कुछ भोपाल में। नोएडा के सदस्यों ने भोपाल जाने से इनकार करते हुए इस्तीफा देने का मन बना लिया है। खबर है कि भास्कर के अंग्रेजी पोर्टल डेली भास्कर के संपादक विजय झा ने भी इस्तीफा दे दिया है। उनकी टीम के ज्यादातर सदस्य भी नोटिस पर चल रहे हैं। आईएमसीएल के अहमदाबाद ऑफिस में तैनात चीफ सब एडिटर अक्षेस सावलिया ने भी इस्तीफा दे दिया है। ताजा बदलावों को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि भोपाल से भी कुछ लोगों की छुट्टी संभव है।
यह कानाफूसी एक पत्रकार द्वारा भेजे गए मेल पर आधारित है.





