जालंधर के माडल हाउस चौक में बीते दिनों एक पत्रकार पर कातिलाना हमला करने के आरोप में थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। हमले का एक आरोपी पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में है। गत दिनों माडल हाउस निवासी पत्रकार राजेश शर्मा पर कुछ लोगों ने कातिलाना हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने राजेश की शिकायत पर जीनी नामक युवक को गिरफ्तार किया था।
मंगलवार को थाना भार्गव कैंप पुलिस ने इस मामले में आठ और लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पसमीत सिंह उर्फ नानू, भूपिंदर भिंदी, गुरिंदर सिंह सारे निवासी अजीत नगर मिस्त्री नगर, सुनील उर्फ शीला, सुक्खा निवासी फूलपुर कालोनी, हरप्रीत सिंह हैप्पी, सुखदेव उर्फ लक्की निवासी सिंघा पिंड के रूप में हुई है। थाना प्रभारी सोमनाथ ने बताया कि इस मामले में ओंकार सिंह निवासी सिंघा पिंड को गिरफ्तार किया जाना अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपियों ने एक पत्रकार का नाम लिया है और उसी पर सारे मामले की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि पत्रकार वाले मामले की जांच एसीपी रविंदर पाल सिंह संधू कर रहे हैं। वहीं एसीपी संधू ने बताया कि फिलहाल जांच की जा रही है। जांच प्रारंभिक स्थिति में हैं इसलिए अभी कुछ भी जानकारी देना ठीक नहीं रहेगा। सारे तथ्यों को जांच के बाद ही खोला जाएगा।






