एटा में कल सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की विशाल चुनावी रैली को कवरेज करने आये दिल्ली, लखनऊ एवं जनपदीय मीडिया के बैठने हेतु बनाई गई गैलरी पर सपा कार्यकर्ताओं ने कब्जा कर लिया. इस गैलरी में सपा कार्यकर्ता जबरन घेर कर बैठ गये. दूरदराज से आये मीडियाकर्मी जब सपाइयों से बैठने के लिए जगह मांगने लगे तो सपा कार्यकर्ताओं ने खाली करने से यह कहकर इनकार कर दिया कि उन्हें उनके नेताओं ने यहां बैठाया है, इसलिए यहां से नहीं उठेंगे. इस कारण मीडियाकर्मी बैठ नहीं पाए और इधर उधर भटक कर कवरेज करते हुये नजर आये. सपा के किसी राष्ट्रीय एवं जनपदीय नेता ने कार्यकर्ताओं से मीडिया गैलरी को खाली कराने की जहमत नहीं उठाई.
एटा में जनसभा ऐतिहासिक न हो पाई. उम्मीद से कम उमड़ी भीड़ ने सपाईयों को निराश कर दिया. चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने आये सपा सुप्रीमो राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने चुनावी जनसभा में कहा कि सपा की सरकार बना कर भ्रष्टाचार अत्याचार मिटाना है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बैठी बसपा सरकार आज हर वर्ग का अधिकारियों से उत्पीड़न करा रही है. अगर कोई इंसान किसी थाना परिसर में रिपोर्ट दर्ज कराने जाता है तो उसकी रिपोर्ट तो दर्ज कर ली जाती है लेकिन पुलिसकर्मियों द्वारा कार्यवाही के नाम पर हाथ खड़े कर दिए जाते हैं.
जनसभा में अराजकता के चलते सपा के ही लोगों ने सपा कार्यकर्ता रामनाथ पुत्र बाबू सिंह निवासी निगोह हसनपुर का कुर्सी से सिर फोड़ दिया जिससे वह लहूलुहान हो गया. इस लहूलुहान कार्यकर्ता को किसी सपा नेता ने उचित उपचार हेतु कहीं भर्ती नहीं कराया.

पत्रकार बंधुओं की सीट पर काबिज सपाई
एटा से नितिन तिवारी की रिपोर्ट





