नई दिल्ली : दैनिक सकाल के सलाहकार संपादक विजय नायक को एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया का महासचिव चुना गया है। शुक्रवार को एडिटर्स गिल्ड की साधारण सभा की वार्षिक बैठक में संपन्न चुनावों में बिजनेस स्टैंडर्ड के टीएन नैनन को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष व नईदुनिया के सुरेश बाफना को फिर कोषाध्यक्ष चुना गया। देश के संपादकों के इस प्रमुख संगठन के सारे पदाधिकारियों का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया।
बैठक में अदालतों की रिपोर्टिग को लेकर गाइडलाइन बनाने के सुप्रीम कोर्ट के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। यह तय किया गया कि मीडिया की आजादी से जुडे़ विषयों पर आम जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई और कदम उठाने की जरूरत है।





