नई दिल्ली। द न्यूज ब्रॉडकास्टिंग स्टेंडर्ड्स अथॉरिटी (एनबीएसए) ने अपने एक फैसले में न्यूज चैनल टाइम्स नाऊ को निर्देश दिया कि वह चैनल पर चर्चाओं में भाग लेने वाले मेहमानों की संबंधित जानकारी आम लोगों के लिए सार्वजनिक करे। मुंबई के शरद शाह की शिकायत पर टाइम्स नाऊ चैनल के प्रोग्राम न्यूज अवर के विभिन्न एपिसोड्स में टाट्रा ट्रक डील से जुडी बहसों में सामरिक रक्षा विशेषज्ञ मारूफ रजा की मौजूदगी को लेकर यह फैसला दिया गया है।
आठ मई को की गई शिकायत में शाह ने कहा कि पिछले वर्ष अप्रैल के पहले सप्ताह में न्यूज चैनल के न्यूज अवर कार्यक्रम में भाग लेने वाले मारूफ रजा को बतौर विशेषज्ञ बुलाया गया था। वे मारूफ रजा एंड एसोशिएट्स के नाम से कारोबार भी करते हैं और वे विदेशी शस्त्र उत्पादकों, आपूर्तिकर्ताओं और डीलर्स के साथ काम करते हैं। शिकायतकर्ता का कहना था कि चैनल की यह ड्यूटी थी कि वह रजा के कार्यक्रम में भाग लेने से पहले उनके काम और कारोबारी हितों के बारे में लोगों को जानकारी दे क्योंकि इसके अभाव में उनके बतौर विशेषज्ञ के टिप्पणियों और विचारों की तर्कसंगतता और उपयुक्तता के बारे में राय नहीं बनाई जा सकती है। साथ ही, इन विचारों को व्यक्त करते समय कहीं उनके निजी कारोबारी हित तो नहीं जुडे हैं, यह भी सुनिश्चित किया जाना था। इस मामले पर टाइम्स नाऊ के जवाब से असंतुष्ट शाह ने एनबीएसए को इस सबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।
इस मामले में दोनों पक्षों के विचार सुनने के बाद संगठन की राय थी कि पारदर्शिता और उद्देश्यपरकता को ध्यान में रखते हुए और न्यूज ब्रॉड कास्टिंग स्टेंडर्ड्स के मद्देनजर यह न्यूज चैनलों के लिए जरूरी है कि वे चैनल पर चर्चाओं में भाग लेने वाले लोगों की संबंधित जानकारी लोगों के लिए सार्वजनिक करें। संगठन का कहना था कि इस मामले में पूरी संभावना थी कि रजा के विचार अपने कारोबारी हितों से भी प्रभावित हो सकते हैं इसलिए सभी चैनल इस तरह की जानकारी सार्वजनिक करें।





