पंचकूला : हरियाणा के क्षेत्रीय चैनल ए-वन तहलका हरियाणा से सरकारी पाबंदी हट गई है। प्रदेश के केबल आपरेटरों ने दोबारा इस चैनल का प्रसारण शुरू कर दिया है। दस नवम्बर की गोहाना रैली की समीक्षा से नाराज प्रदेश सरकार ने पुलिस तंत्र के जरिए इस चैनल का प्रसारण बंद करवा दिया था। हालांकि सरकार और चैनल प्रबंधन के बीच किन मुद्दों पर सहमति बनी है, यह ज्ञात नहीं हो पाया है। अब यह तो प्रबंधन और सरकार के नुमाइंदे ही बेहतर बता सकते हैं कि जब दोनों पक्ष बातचीत के लिए बैठे तो किन-किन मुद्दों पर विस्तार से चर्चाएं हुई। सवाल यह भी है कि क्या चैनल दोबारा उसी धार से समाचारों का प्रसारण और विश्लेषण करेगा,जैसा पहले करता था या फिर धार कुछ कम रहेगी।
हरियाणा कांग्रेस की दस नवंबर को गोहाना में शक्ति रैली हुई थी। इस रैली को मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया था। यही वजह रही कि प्रदेश का पूरा सरकारी तंत्र रैली को कामयाब करने में जुट गया था। ऐसे में कहीं पर भी कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही थी। दिल्ली और चंडीगढ़ तक के सो काल्ड संपादकों और पत्रकारों को हैलीकाप्टर से रैली में लाया गया। इसलिए अगर कोई मीडिया संस्थान रैली की कामयाब पर सवाल उठाए तो गुस्सा आना लाजिमी है। गुस्सा आया भी और उसका यह असर रहा कि दस तारीख से ही लगभग पूरे प्रदेश भर में पुलिस तंत्र के जरिए केबल आपरेटरों से चैनल को बंद करने के लिए कह दिया गया। बस फिर क्या था पूरे प्रदेश में चैनल का ब्लैकआउट हो गया। इसके बाद चैनल प्रबंधन दोबारा से चैनल का प्रसारण शुरू करवाने की प्रक्रिया में जुट गया था। सरकार के नजदीकी और आला अधिकारियों से संपर्क साधा गया और अंततः बात बन ही गई।
दीपक खोखर की रिपोर्ट. संपर्क: 09991680040






