औरंगाबाद से खबर है कि इंडिया न्यूज के पत्रकार धीरज पांडेय नक्सलियों की गोली से बाल बाल बच गए. गोलियों के बीच भी उन्होंने किसी तरह अपने काम को निपटाया अपने पत्रकारिता धर्म का निर्वहन किया. जानकारी के अनुसार औरंगाबाद के देव थाने महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित चांदपुर मोड़ के समीप नक्सलियों ने शाम को आठ बजे जमकर उत्पात मचाया. नक्सलियों ने पर मौजूद पांच बाइक और एक सवारी गाड़ी को जला दिया.
इसकी सूचना धीरज पांडेय को भी मिली. वे तत्काल कवरेज के लिए निकल पड़े. वे अभी कवरेज कर ही रहे थे कि नक्सलियों ने उनको लक्ष्य करके कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी. किसी तरह एक दीवार की आड़ लेकर धीरज गोलियों का शिकार होने से बच गए. हालांकि बाद में हिम्मत दिखाते हुए धीरज ने जलती गाडि़यों का लाइव कवरेज किया.






