संबलपुर : कटक स्थित श्रीरामचंद्र भंज मेडिकल हास्पीटल में मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर अस्पताल प्रबंधन ने पाबंदी लगा दी है. यह पाबंदी अस्पताल में हुई कुछ घटनाओं के कवरेज से नाराज होकर लगाई गई है. इससे पत्रकारों में खासी नाराजगी है. संबलपुर प्रेस क्लब ने इस फैसले को दुर्भाग्यजनक और गैरसंवैधानिक बताते हुए विरोध जताया है. क्लब की ओर से उत्तरांचल राजस्व आयुक्त जी. श्रीनिवास के हवाले से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें मीडिया की आवाज को दबाए जाने की कोशिश का विरोध करने समेत उचित कार्रवाई की मांग की गई है.
पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि मीडिया जनता और सरकार के बीच पुल का काम करती है, लेकिन अब कटक मेडिकल हास्पिटल प्रबंधन ने मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दिया है ताकि उसकी पोल न खुल सके. अस्पताल प्रबंधन का तुगलकी फरमान दुर्भाग्यजनक है. मेडिकल हास्पिटलों में पहले भी कई बार विवादीय घटनाएं हुई है, लेकिन मीडिया पर कभी पाबंदी नहीं लगायी गई. ऐसे में सरकार को इस मामले में सकारात्मक सोच के साथ मीडिया का साथ देने और उन्हें निरपेक्ष ढंग से अपना काम करने देने की आवश्यकता है.
प्रेस क्लब के सदस्यों का कहना है कि आज श्रीरामचंद्र भेज मेडिकल कॉलेज ने पाबंदी लगाई है, कल अगर हम किसी मामले की कवरेज करते हैं तो ब्रह्मपुर स्थित मेडिकल हास्पिटल समेत तमाम जगहों पर पाबंदी लगाकर हमारी आवाज दबाने की कोशिश की जाएगी. इस मामले को संज्ञान में लेकर सरकार को तत्काल उचित कार्रवाई करनी चाहिए. प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार दास, फनींद्र प्रधान, बी. शंकर, ज्ञानरंजन भोई समेत तमाम पत्रकार मौजूद रहे.






