सन टीवी नेटवर्क लिमिटेड के प्रवर्तक कलानिधि मारन ने ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के जरिये कंपनी में 5 रुपये प्रति शेयर की कीमत के हिसाब से 7,881,799 इक्विटी शेयर बेचने का प्रस्ताव रखा है। यह हिस्सेदारी कंपनी की कुल इक्विटी शेयर पूंजी का लगभग 2 फीसदी है।
खासकर विक्रेताओं के ब्रोकरों के जरिये इक्विटी हिस्सेदारी बेचने की यह पहल सूचीबद्घ कंपनियों में सार्वजनिक न्यूनतम शेयरधारिता के संदर्भ में सेबी के नियमों के अनुरूप है। बाजार नियामक के आदेश के अनुसार सूचीबद्घ निजी कंपनियों को न्यूनतम 25 फीसदी सार्वजनिक शेयरधारिता रखनी होगी।
31 मार्च, 2013 को कलानिधि मारन के पास 30,34,45,157 इक्विटी शेयर थे जो कंपनी में कुल इक्विटी शेयर का 77 फीसदी है। तीन कंपनियों ऐक्सिस कैपिटल लिमिटेड, इंडिया इन्फोलाइन लिमिटेड और यूबीएस सिक्योरिटीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को विक्रेता की ओर से ब्रोकरों के रूप में चुना गया। (बीएस)






