जाने माने साहित्यकार और हंस पत्रिका के प्रधान संपादक राजेंद्र यादव को कल यानी रविवार को सम्मानित किया जाएगा. उन्हें यह सम्मान हिंदी साहित्य में उनके अमूल्य योगदान के लिए दिया जा रहा है. राजेंद्र यादव को यह सम्मान उनके प्रसंशक, साहित्यकार एवं हंस परिवार की तरफ से दिया जा रहा है. मयूर विहार फेस वन में आकाशदक्ष अपार्टमेंट में स्थित उनके घर पर ही उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा.
उन्हें यह सम्मान प्रख्यात आलोचक नामवर सिंह एवं साहित्यकार कृष्णा सोबती संयुक्त रूप से प्रदान करेंगे. अपार्टमेंट के नीचे साढ़े दस बजे आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रीफल, शाल और एक लाख एक रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा. गौरतलब है कि पिछले दिनों हार्निया के ऑपरेशन के बाद से राजेंद्र यादव स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं. उन्हें ज्यादा चलने फिरने में परेशानी आ रही है, इसको देखते हुए ही उनका लोक सम्मान उनके घर पर किया जा रहा है.
इस दौरान काफी संख्या में साहित्यकार, प्रशंसक, पत्रकार और हंस परिवार के लोगों के उपस्थित होने की संभावना है. इस कार्यक्रम में जो प्रमुख लोग उपस्थित होंगे उनमें जनसत्ता के संपादक एवं साहित्यकार ओम थानवी, न्यूज एक्सप्रेस के हेड मुकेश कुमार, हंस के संजीव समेत तमाम लोग शामिल हैं.






