पटना से खबर है कि कशिश न्यूज के दफ्तर में ताला लग गया है. बताया जाता है कि मैनेजमेंट ने ऐसा बिहार के ब्यूरो प्रमुख और कैमरामैन के बीच हुई मारपीट के बाद बिगड़े माहौल को सुधारने के लिहाज से किया है. बताया जाता है कि कशिश न्यूज के बिहार ब्यूरो में हाल ही में आये प्रमुख का तालमेल वहां के पुराने स्टाफ से नहीं बन पा रहा था. गुरुवार की रात वे एक कैमरामैन से बातों में उलझ गये तो उनकी बातों को मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करने लगे. जब कैमरामैन ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो वे धमकी देने लगे कि सारी फुटेज सबूत के तौर पर मालिक को भेज दी जायेगी.
मोबाइल छीनने के क्रम में जो हाथापाई शुरु हुई तो मारपीट तक की नौबत आ गयी. किसी तरह देर रात तक मामला शान्त हुआ और सबलोग अपने-अपने घर गये. सूत्रों का कहना है कि चैनल के रांची मुख्यालय में जब खबर पहुंची तो मालिक साहब ने अपने विश्वासपात्रों से पटना दफ्तर में ताला बंद करवा दिया. ताजा खबर ये है कि रांची में शुक्रवार दोपहर में हुई बैठक के बाद पटना कार्यालय के सभी स्टाफ से इस्तीफा मांग लिया गया है. पटना में करीब एक दर्जन मीडियाकर्मी कशिश न्यूज से जुड़े थे जिनमें 5 कैमरामैन और लगभग इतने ही रिपोर्टर थे. इस फैसले के बाद सबका भविष्य अधर में लटक गया है.






