जांजगीर-चांपा। छग के गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने जांजगीर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है और आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस, शहादत पर राजनीति करती है। कांग्रेसियों को शहादत से कोई मतलब नहीं होता, उन्हें केवल राजनीति करनी है। ऐसे में लगता है कि इसी राजनीति के कारण कांग्रेस, सत्ता से बाहर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी, मुगलों के समान कार्य करते हैं, जिसके कारण उनकी ही छवि की खराब होती है।
साथ ही उन्होंने कहा कि दरभा के माओवादी हमले प्री-प्लान का नतीजा था। इसके उनके पास सबूत हैं। हमले को लेकर गृहमंत्री ने कांग्रेसियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। इस दौरान गृहमंत्री श्री कंवर ने कहा कि नक्सली, लोकतंत्र के सबसे बड़े दुश्मन हैं। जो प्रजातंत्र का हिमायती करेगा, नक्सली उन्हें अपना दुश्मन मानने लगते हैं। भाजपा के लोगों को भी नक्सलियों ने टारगेट में लेकर हत्या की है। इसलिए कहा जा सकता है कि नक्सली, किसी के नहीं हो सकते।
गृहमंत्री ने 25 मई के हमले को दुर्भाग्यजनक बताते हुए कहा कि जो भी बड़े नेता रहे हैं, उन्हें सरकार ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था कराई थी। चाहे वह महेन्द्र कर्मा हों, नंदकुमार पटेल हों या फिर विधायक कवासी लखमा। कांग्रेसी, बेवजह सरकार को दोषी बता रहे हैं, जबकि सुरक्षा को लेकर सरकार ने कभी भेदभाव नहीं किया।
जांजगीर से राजकुमार साहू की रिपोर्ट.






