देवरिया। देवरिया विधान सभा से चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस पार्टी के जेपी जायसवाल के पास अकूत सम्पति है लेकिन उनका कोई आश्रित नहीं है। पत्नी के साथ उनका विवाह विच्छेद है। प्रत्याशी के ऊपर आपराधिक मुकदमा भी विचाराधीन है। यह जानकारी गुरुवार को चुनाव के दौरान नामांकन भरते समय उन्होंने दी है। उनके पास चल सम्पति 2 करोड़ 36 लाख 76 हजार 620 रुपये की है जबकि अचल सम्पति 2 करोड़ 93 लाख के रूप में है। इसके अलावा उनके पास बुलेट प्रुफ टाटा सूमो चार पहिया वाहन भी है।
यदि बैंक के लाकर में जमा जेवरातों की बात करें तो श्री जायसवाल के पास 200 ग्राम सोना आभूषण के साथ करीब एक किलो चांदी तो है ही पन्ना व हीरे का हार एक सेट, हीरे के हार 2 नग, सोना का करधन 2 नग, सोने की अंगूठी 50 नग, हीरे की अंगूठी 5 नग, सोने की चेन 15 नग, हीरे की लाकट 4 नग, सोने का कंगन 8 नग, कंगन हीरा जड़ित सोने का 14 नग, कमरबन्द सेट हीरा जड़ित 4 नग है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ बताई है। कहा जा रहा है कि श्री जायसवाल चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों में पूरे जिले में शायद सबसे अधिक धनवानों गिने जाएगें। 51 वर्षीय श्री जायसवाल ने 1980 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीकाम की शिक्षा भी प्राप्त की है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष 63 लाख नकदी के मालिक : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही के पास 63 लाख 82 हजार 600 रुपये नकद विभिन्न बैंको में जमा है। जबकि उनकी पत्नी श्रीमती रानी शाही के पास 46 लाख 94 हजार 596 और उनकी आश्रित सौम्या शाही के पास 3 लाख 59 हजार 933 रुपये विभिन्न बैंकों के खातों मे जमा है। इस बात की जानकारी गुरुवार को श्री शाही ने पथरदेवा विधान से विधायक का चुनाव लड़ने के पूर्व प्रस्तुत किए गए नामांकन पत्र में दी है। जानकारी के मुताबिक श्री शाही के पास 3 लाख 9 हजार 486 और 2 लाख 89 हजार 864 रुपये के कई बाण्ड भी है। जबकि श्री शाही और उनकी धर्म पत्नी के नाम से कुल 5 लाख 45 हजार 494 रुपये के बाण्ड संयुक्त रूप से हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष 1 करोड़ 44 लाख 19 हजार 400 तथा धर्म पत्नी श्रीमती रानी शाही के नाम से 65 लाख 54 हजार की भूमि भी विभिन्न स्थानों पर है। श्री शाही के ऊपर भी कई आपराधिक मुकदमे विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन है।
देवरिया से ओपी श्रीवास्तव की रिपोर्ट.






