कांडा के उत्पीड़न से परेशान होकर विमान परिचायिका गीतिका ने करीब छह महीने पहले खुदकुशी कर ली थी. आज शाम पचास साल के आसपास की उम्र की गीतिका की मां अनुराधा शर्मा ने पश्चिमोत्तर दिल्ली के अशोक विहार स्थित अपने आवास में पंखे से फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. अनुराधा के पति ने पत्नी की मौत के लिए कांडा को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांडा ने मेरी बेटी को मारा था और अब उसने मेरी पत्नी की भी जान ले ली.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि अनुराधा कमरे में पंखे पर लटकी मिलीं और खबर मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंचने वाली पुलिस टीम ने शव अपने कब्जे में ले लिया. उन्होंने कहा कि एक रिश्तेदार ने अनुराधा को फांसी पर लटके हुए
देखा जिसके बाद उनके बेटे अंकित शर्मा को सूचित किया गया और वह घर पहुंचे.
गीतिका की मां अनुराधा ने सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें गोपाल कांडा और अरुणा चड्ढा को जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस ने ये सुसाइड नोट बरामद कर लिया है. गीतिका की मौत के बाद से ही उनकी मां काफी तनाव में थीं. अनुराधा की खुदकुशी को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है. इस घटना के बाद परिवारवाले सदमे में हैं. गीतिका की मौत के बाद से ही परिवार बेहद परेशान और तनाव में था. पुलिस उपायुक्त पी करुणाकरन ने बताया कि जिस वक्त हादसा हुआ, गीतिका की मां अशोक विहार फ्लैट में अकेली थीं. गीतिका के भाई गौरव शर्मा ने बताया कि उसकी मां गीतिका की वजह से हताशा में थी.
23 साल की गीतिका गोपाल कांडा के एमडीएलआर एयरलाइंस में विमान परिचारिका के रूप में कार्य कर चुकी थी. यह एयरलाइंस अब बंद हो चुकी है. गीतिका पिछले साल चार-पांच अगस्त की दरम्यान रात को अपने घर में पंखे में फंदा डालकर झूल गई थी. सुसाइड नोट में उसने लिखा था कि गोपाल कांडा और एमडीएलआर में प्रबंधन का कार्य संभालने वाली अरुणा चड्ढा ने उसे इस कदर प्रताड़ित किया कि वह मौत को गले लगाने के लिए मजबूर हो गई.






